कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
कोटा शहर में शुक्रवार को दिनदहाड़े युवक की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नल के पाइप से पीट-पीटकर युवक की हत्या की गई है। मृतक विक्की वाल्मीकि साबरमती कॉलोनी का निवासी था। जानकारी के मुताबिक 5 बदमाशों ने विक्की को मौत के घाट उतार दिया। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और उसके शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी मे सामने आया है कि विक्की वाल्मीकि की रंजिश चल रही थी। शुक्रवार को वह बाइक से जा रहा था। तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोग रास्ते में मिल गए और उसे रोक लिया। बाइक को छोड़कर विक्की पैदल ही भागने लगा। आरोपी बदमाश विक्की के पीछे दौड़ गए। उन्होंने उसे सड़क पर ही दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बदमाशों ने नल के पाइप से उस पर कई वार किए जिससे उसके चेहरे, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद हत्या में शामिल बदमाश मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी शुरू की है। वही विक्की वाल्मीकि की मौत के बाद उसके परिजन भी आक्रोशित हो गए। उन्होंने एमबीएस अस्पताल में जमकर हंगामा किया।