भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
उतरप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए जा रहे अशोक गहलोत सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास भरतपुर में पत्रकारो से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने रीट पेपर धाधली मामले पर कहा कि भाजपा राजस्थान में हर चुनाव हार रही है। ऐसे में यहां के भाजपा नेता दिल्ली जाकर अमित शाह के घर पर बैठकर राजस्थान में कांग्रेस को हराने के लिए षड्यंत्र रचते हैं। राजस्थान की कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए वो मुद्दे तलाशते हैं। मंत्री ने कहा कि राजस्थान में रीट परीक्षा को लेकर खुद सरकार ने एसओजी को जांच सौंपी है। इस पूरे मामले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष को बर्खास्त कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्पष्ट कह दिया हर गलती कीमत मांगती है। गलती करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की नियत में कहीं कोई खोट नहीं है। इस तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए बिल लेकर आ रहे हैं। लेकिन यहां के भाजपा नेता दिल्ली जाते हैं और अमित शाह के घर पर बैठकर राजस्थान में कांग्रेस को हराने के लिए षड्यंत्र रचते हैं। चाहे मुद्दा कोई भी हो। भाजपा राजस्थान में हर चुनाव हार रही हैं, कांग्रेस ऐसे तो हारेगी नहीं, ऐसे में वो कांग्रेस को बदनाम करने और हराने के लिए षड्यंत्र रचते हैं। मंत्री खाचरियावास ने कहा कि पहले भी नकल के खूब मामले सामने आए। भाजपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समय नकल गिरोह तक पकड़े गए थे। लेकिन आज से पहले कभी भी कोई सरकार इस तरह से खुलकर सामने नहीं आई और ना ही इतनी सख्त कार्रवाई की गई। अब भाजपा के नेता आंदोलन का नाटक कर रहे हैं। जबकि कार्यवाही कांग्रेस सरकार कर रही है। भाजपा नेता आंदोलन ही इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वो 3 साल में भीड़ ही नहीं जुटा पाए। मंत्री खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान स्टडी सर्किल एक संगठन है जो कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की याद में बनाया गया है। उस संगठन में अधिकतर लोग अच्छे हैं। लेकिन प्रदीप पाराशर और जारोली जैसे लोग गलत निकले तो इसमें संगठन क्या करे? भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण भी रिश्वत लेते हुए पकड़े गए थे। लेकिन इसका मतलब यह थोड़ी हो गया कि भाजपा पूरी चोर हो गई।मंत्री ने जारोली की गिरफ्तारी के सवाल के जवाब में प्रताप सिंह ने कहा कि यह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और एसओजी तय करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एसओजी को फ्री हैंड दे रखा है। मंत्री ने कहा कि इस पाप कर्म में जो भी शामिल है उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा ने तो यह पाप रोका नहीं। लेकिन हम इस पाप को रोकने के लिए जान लड़ा देंगे। मंत्री ने कहा कि भरतपुर में विभाग में दो बार गड़बड़ी सामने आई है। इसको लेकर पुलिस में मामला भी दर्ज हुआ है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे और जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री खाचरियावास ने कहा कि विभाग की गड़बड़ियों को सुधारने के लिए यदि जरूरत पड़ी तो पॉलिसी बदलेंगे और सिस्टम भी बदलेंगे। लेकिन भविष्य में इस तरह की गड़बड़ियां नहीं होने देंगे। आपको बता दें, कि मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए भरतपुर होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान भरतपुर के सर्किट हाउस में कुछ समय के लिए रुके और मीडिया से मुखातिब हुए।

0 टिप्पणियाँ