जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर केंद्र सरकार को आडे हाथ लिया है। डोटासरा ने शुक्रवार को जोधपुर में मीडिया से मुताबिक हुए कहा कि पांच राज्यों के चुनाव के बाद केंद्र सरकार की नीति के चलते तेल के दाम बढ़ेंगे और लोगों पर महंगाई की मार पड़ेगी। डोटासरा ने कहा कि वोटिंग खत्म होते ही जनता को पता चल जाएगा। उन्होने कहा कि केंद्र ने आठ साल में ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे कि महंगाई कम हो। जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में हर वर्ग के लिए घोषणाएं की है। पुरानी पेंशन स्कीम वापस लागू करने का काम मुख्यमंत्री गहलोत ने किया है। पूरे देश में कर्मचारियों की मांग बनी हुई है। गहलोत सरकार ने इसे लागू करने की पहल की है। इसके अलावा किसानों को पहले बिजली पर अनुदान दिया जा रहा है, इसमें बढोतरी की गई है।  उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को भी 4500 करोड़ की छूट दी जाएगी। कुल 22 हजार करोड रुपए की छूट बिजली में देने वाला राज्य राजस्थान है। आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने से कर्मचारी खुश है। इसके अलावा हर परिवार के लिए सरकार ने बजट में प्रावधान कर इसे कल्याणकारी बनाया है।