करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
कृमि नाशक दवा से वंचित रहे बच्चों के लिए करौली जिले में डीवर्मिंग मॉप-अप राउंड प्रारंभ हुआ है। अभियान सात फरवरी तक चलेगा। जिसके तहत उन बच्चों को दवा खिलाई जा रही हैं। जो विगत अक्टूबर 2021 में आयोजित हुए अभियान में दवा खाने से छूट गए थे। जिला मुख्यालय पर होली खिड़कियां के पास जयसिंहपुर आंगनवाड़ी केंद्र पर सीएमएचओ डॉ दिनेश चंद मीणा और डिप्टी सीएमएचओ डॉ सतीश चंद मीणा ने एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर विधिवत शुरुआत की। इस दौरान डॉक्टर आशीष शुक्ला, आईईसी समन्वयक लखन सिंह लोधा , पीएचएम स्नेहलता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा आदि मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश चंद मीणा ने बताया कि कृमि नाशक दवा 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों-किशोर-किशोरियों को एक से सात फरवरी तक दी जाएगी। इनमें मुख्यत उन बच्चों को शामिल किया जाएगा जो विगत अभियान में दवा से वंचित रह गए थे। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण और खून की कमी होती है। जिसके कारण बच्चों में हमेशा थकावट रहती है जो संपूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास को प्रभावित करती है। यह दवा सभी आंगनबाडी केन्द्र, सिटी डिस्पेंसरी और सब सेंटर पर खिलाई जाएगी ताकि बच्चों के पेट के कीड़ों से छुटकारा मिल सके। हालांकि दवा उन बच्चों को नहीं दी जाएगी जो बीमार व उपचाररत है। कृमि संक्रमण से बचाव के लिए बच्चों व अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे नाखून साफ रखें, हमेशा साफ पानी पीएं, आस-पास सफाई रखें, खाने को ढक कर रखें, खुले में शौच न करें, फल व सब्जियों को साफ पानी से धोएं और जूते-चप्पल पहनकर कृमि से बचाव करें। अभियान के दौरान कोविड गाइडलाइन की पालना करने के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश किया गया है।