जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पन्द्रहवीं विधान सभा के 09 फरवरी से प्रारम्भ हो रहे सप्तम सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कर ली गयी है। राजस्थान विधानसभा सचिव महावीर प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता में विधान सभा में हुई इस आशय की एक बैठक यह निर्देश दिये गये कि सत्र के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कोई चूक न रहे। बैठक में सुरक्षा के संबंध में बिन्दुवार समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सत्र के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी नियुक्त किये जा रहे है, जिनमे टास्क फोर्स के सुरक्षाकर्मी भी शामिल है। विधान सभा भवन की प्रतिदिन एंटीबोटेज चैक, बम डिस्पोजल स्क्वार्ड और डॉग स्क्वार्ड द्वारा चैकिंग की जायेगी। इसके अलावा भवन के प्रवेशद्वारो पर पोर्टेबन मैटल डिटेक्टर एवं एचएचएमडी लगाये जायेगें। सत्र काल में संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश की रोकथाम के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाऐं तय की गयी। सत्र के दौरान आने वाले शिष्ट मण्डलों से मुलाकात कराने हेतु नामजद अधिकारी नियुक्त कर दिये गये है तथा विधान सभा परिसर में एक एम्बुलेंस एवं एक अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गयी है । बैठक में बताया गया है कि भवन के समस्त दवारों से अनाधिकृत व्यक्तियों के विधान सभा में प्रवेश की रोकथाम करने हेतु पर्याप्त वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की व्यवस्था होगी। सत्रावधि में विधान सभा भवन एवं उसके संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे आर्मगार्ड के अलावा गश्त की विशेष व्यवस्था की जायेगीं। विधान सभा के उत्तरी एवं पश्चिमी मार्ग पर यातायात नियंत्रण हेतु पर्याप्त मात्रा में यातायात कर्मी लगाये जायेंगे इसके अलावा भवन में वाहनो की पार्किंग के संबंध में भी जाप्ता लगाया जायेगा एवं चैनल बैरियर लगाये जायेंगे। बैठक में जानकारी दी गयी कि भवन के सभी प्रवेश दवारों के अलावा अन्य स्थानों पर भी यथा जरूरत मार्ग दर्शक पट्टिकाऐं लगायी जा रही हैं । बैठक में वरिष्ठ उप सचिव महेश चन्द शर्मा, विधानसभा के मार्शल संजय चौधरी एवं सहायक सचिव पुरणमल महावर सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
विधानसभा अध्यक्ष ने लिया जायजा।
15वीं राजस्थान विधान सभा के सप्तम्र सत्र का अधिवेशन 09 फरवरी को आहूत किया गया है। जिसके बाद विधान सभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने सदन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. जोशी ने विधान सभा सचिव महावीर प्रसाद शर्मा सहित विधान सभा के अधिकारियों को सदन के सुचारू संचालन के लिए व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिये। डॉ. जोशी ने कोविड गाइडलाइन की पालना के निर्देश भी दिये। डॉ. जोशी ने सदन की सभी लॉबी और गैलरियों का भी निरीक्षण किया। सभी जगह आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश विधान सभा अध्यक्ष ने दिये।

0 टिप्पणियाँ