श्रीगंगानगर- राकेश मितवा
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिलास्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने खण्ड क्षेत्रानुसार जिले के सभी सोनोग्राफी केन्द्रो का सघन निरीक्षण विगत दिनों में किया। रविवार को सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा व पीसीपीएनडीटी प्रभारी रणदीपसिंह ने जिला मुख्यालय स्थित केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। एचएचएम एमडी एवं राज्य समुचित प्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी एवं जिला कलेक्टर रूकमणि रियार सिहाग के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग के जिलाधिकारियों ने अभियान के दौरान सभी 52 सोनोग्राफी केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए आमजन मुखबिर योजना के तहत 104 पर सूचना दें। 
पीसीपीएनडीटी प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि संपूर्ण राज्य में सोनोग्राफी केंद्रों पर किए जा रहे निरीक्षण के तहत जिले में अभियान के दौरान सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा, आरसीएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा, एसीएमएचओ डॉ. मुकेश मेहता व डिप्टी सीएमएचओ डॉ. करण आर्य ने सभी 52 केंद्रों का निरीक्षण कर दस्तावेज जांचे। इस दौरान सभी केंद्रों पर दस्तावेज एवं अधिनियम की पालना सुनिश्चित मिली। विभाग ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि हर केंद्र पर मुखबिर योजना की जानकारी प्रदर्शित होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में 52 पंजीकृत सोनोग्राफी केंद्र हैं। राज्य में पंजीकृत केंद्रों की ओर से पीसीपीएनडीटी अधिनियम की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन केंद्रों पर निरीक्षण किए जा रहे हैं, जो निर्धारित दिवस यानी 20 फरवरी तक अभियान के रूप में संपन्न किए गए। वहीं विभाग की ओर से केंद्रों की नियमित मोनिटरिंग व एक्टिव ट्रेकर के माध्यम से निगरानी की जा रही रही है। आमजन से अपील करते हुए जिला कलेक्टर रूकमणि रियार सिहाग ने कहा कि विभाग की मुखबिर योजना के तहत हमें सूचना दें ताकि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। आमजन विभाग के टोल फ्री नंबर 104 या वाट्सएप नंंबर 9799997795 पर शिकायत कर सकते हैं। मुखबिर योजना के तहत तीन लाख रुपए तक की राशि मुखबिर, गर्भवती महिला व सहयोगी को अलग-अलग किस्तों में दी जा रही है।