जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सोमवार को बडी कारवाई करते हुए कोटखावदा थाना प्रभारी रमेश तंवर को रंगे हाथ 50 हजार रूपये की घूस लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत ने ट्रैप की कार्रवाई की अंजाम दिया। घूसखोर थानाधिकारी रमेश तंवर परिवादी से एक मुकदमे में रिमांड नहीं लेने की एवज में यह पैसा मांग रहा था। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक परिवादी के खिलाफ कोटखावदा थाने में किडनैपिंग सहित तीन मामले दर्ज हैं। एक मामले में परिवादी जेल से सजा काट के आया ही था की पुलिस उसे थाने ले आई। थानाधिकारी ने कहा कि अगर उसे 50 हजार रुपए मिल जाएंगे तो रिमांड नहीं लेगा। परिवादी बोला वह जेल काट के आया है पैसा कहां से लाएगा। इस पर थानाधिकारी ने कहा 50 हजार नहीं है तो रिमांड और डंडे खाने के लिए तैयार हो जाओ। थानाधिकारी की धमकी से परेशान परिवादी एसीबी के पास पहुंचा। इसके बाद एसीबी ने थानाधिकारी रमेश को थाना परिसर में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। फिलहाल एसीबी टीम की कार्रवाई जारी है।