राजसमंद ब्यूरो रिपोर्ट।
राजसमंद के कुंभलगढ़ वन क्षेत्र में रविवार को लापता एक युवक की लाश मिली। लाश मिलने के बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया। लाश के पास एक टोपीदार बंदूक मिली। गांव के साथियों के साथ युवक जंगल में शिकार करने के लिए गया था। पीठ पर गोली लगने से युवक की मौत हो गई। युवक को मरता छोड़ साथी जंगल से घर लौट आए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया है।केलवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार कोटड़ा निवासी रताराम भील पुत्र जेठाराम भील की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पत्नी गुलाबी बाई ने 19 फरवरी को गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस तलाश कर रही थी। रविवार को सूचना मिली की जंगल में एक लाश पड़ी है। जिससे बदबू आ रही है। पुलिस ग्रामीणों के साथ 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर जंगल में पहुंची और लाश को कब्जे में लिया। लाश के पास एक टोपीदार बंदूक और एक बैग पड़ा हुआ था। मृतक के पीठ में गोली लगी हुई थी। बैग में पानी की बोतल, रोटी और प्याज पड़े हुए थे। शव को पुलिस ने कब्जे में लिया और ग्रामीणों के सहयोग से शव को जंगल से लेकर मोर्चरी आए। केलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम किया गया।