करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली - धौलपुर सांसद डा. मनोज राजोरिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का संसदीय क्षेत्र करौली - धौलपुर की अत्यन्त महत्वपूर्ण रेल परियोजना धौलपुर-सरमथुरा-करौली-गंगापुरसिटी रेल परियोजना हेतु बजट 2022-23 में 110 करोड रूपये का प्रावधान करने पर क्षेत्र की जनता की ओर से आभार प्रकट किया है। सांसद डा. राजोरिया ने बताया कि यह रेल परियोजना मेरे क्षेत्र की अत्यन्त महत्वपूर्ण रेल परियोजना है। इसके लिए मैं अनवरत् प्रयासरत हूँ। मेरे प्रयासों के चलते ही यह परियोजना निष्क्रिय अवस्था से सक्रिय अवस्था में आ सकी। उत्तर मध्य रेलवे के द्वारा उक्त परियोजना के प्रथम चरण धौलपुर से सरमथुरा तक आमान परिवर्तन हेतु रिवाईज्ड एस्टीमेट तैयार किया गया। डा. राजोरिया ने बताया कि यह रिवाईज्ड एस्टीमेट रेलवे बोर्ड में स्वीकृति हेतु प्रक्रियाधीन है। हाल ही में इसके संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा उत्तर मध्य रेलवे से इस परियोजना के सम्बन्ध में कुछ आक्षेपों की पूर्ति हेतु कहा गया था। इसके संबंध में सूचना आगरा मण्डल द्वारा 3 फरवरी को मुख्य अभियन्ता प्रयागराज को भेज दी गयी है व वहां से रेलवे बोर्ड को प्रेषित की जावेंगी। सांसद डा. मनोज राजोरिया ने बताया कि इस रेल परियोजना के संबंध में कुछ कार्यों की निविदा प्रक्रिया उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पूर्ण कर ली गयी हैं एवं उक्त रिवाईज्ड एस्टीमेट को रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलते ही इस परियोजना का कार्य शीघ्र आरंभ हो सकेगा। सांसद डा. मनोज राजोरिया ने बताया कि इसके साथ ही इस परियोजना प्रथम चरण के लिए आवश्यक भूमि के प्रस्तावों के लिए जिला कलक्टर धौलपुर के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि अवाप्ति करवाने हेतु भी महाप्रबन्धक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज को लिखा है। जिसके परिणामस्वरूप उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मण्डल द्वारा इस कार्य से संबंधित कार्मिक को निर्देषित कर दिया गया है। सासंद ने बताया कि इस परियोजना का कार्य अतिशीघ्र आरंभ होगा।