करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर एसीबी की टीम ने सोमवार को करौली जिले के नादौती थाने में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने के घूस-खोर एएसआई को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। फिलहाल एसीबी की टीम ने आरोपी एएसआई के आवास एवं अन्य ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रखा है। एसीबी के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की जयपुर शहर द्वितीय इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि नादौती थाने में दर्ज चोरी के प्रकरण में उसे आरोपी नहीं बनाने की एवज में अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नेहाल सिंह द्वारा 55 हजार रुपये रिश्वत की राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर जयपुर शहर द्वितीय इकाई एसीबी की टीम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजपाल गोदारा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया और फिर टीम के द्वारा ट्रैप की कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक निहाल सिंह पुत्र कन्हैया लाल गुर्जर निवासी नौरंगाबाद तहसील महावीर जी जिला करौली को परिवादी से 10 हजार रुपए रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के महानिदेशक ने बताया कि आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।