बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।
युवक से मारपीट के विरोध में मंगलवार को दुकानें बंद कराने को लेकर तनाव हो गया। दो गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।दरअसल,अंबेडकर सर्किल पर सोमवार शाम हुई फायरिंग और मारपीट के बाद मंगलवार सुबह हालत तनावपूर्ण हो गए। जिस युवक से मारपीट की गई थी, उसके समर्थकों ने मंगलवार सुबह बंद आह्वान किया था । बड़ी संख्या में लोग दाऊजी मंदिर रोड पर दुकानें बंद कराने पहुंचे। इस दौरान दूसरे गुट के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव हो गया। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। क्षेत्र में फिलहाल तनाव के हालात बने है और पुलिस बल तैनात है।मामले में दोनों तरफ से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें हिन्दू जागरण मंच के अध्यक्ष जेठानन्द व्यास भी है।इधर मामला बढ़ते देख संभागीय आयुक्त नीरज के पवन, IG प्रफुल्ल कुमार, SP योगेश यादव कोटगेट थाने पहुंच गए। यहां वार्ता के लिए दोनों पक्षों से कुछ लोगों को बुलाया गया। इसमें नगर विकास न्यास के पूर्व चेयरमैन मकसूद अहमद भी शामिल है।