झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले की रायपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए कोटा स्टोन ट्रक के केबिन में छुपा कर ले जाया जा रहा 5 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है । रायपुर थाना पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए झालावाड एसपी के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है, इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस इलाके के इंदौर हाईवे पर सुवांस गांव के पास पुलिया के नजदीक नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जब संदिग्ध लगने पर चैक किया तो उसके केबिन में रखा 5 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने ट्रक सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, सारे मामले में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर कोटा स्टोन से भरे ट्रक के केबिन में छुपा कर यह अवैध अफीम डोडा चूरा राजस्थान से महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे थे। फिलहाल रायपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है ।