जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET 2021) में पदों की संख्या बढ़ाकर 50 हजार करने की मांग को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरे से खारिज कर दिया है। पद बढ़ाने की मांग को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखी थी,लेकिन मुख्यमंत्री ने पायलट सहित सभी नेताओं और आंदोलनकारी छात्रों की मांग मानने से इनकार कर दिया और । साफ किया कि REET में पद नहीं बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- ‘जहां तक रीट की बात है, इतनी बड़ी संख्या में रोजगार दे रहे हैं। एक लाख बच्चों को रोजगार मिल रहा है। जो बच्चे मांग कर रहे उन्हें आगे की तैयारी करनी चाहिए। पहली वाली वैकेंसी जिसके एग्जाम हो चुके हैं, ऐसा कभी होता नहीं है कि उसके पद बढ़ाए जाएं। जो बच्चे धरना दे रहे हैं, उनसे अपील करूंगा कि ऐसी मांग नहीं करनी चाहिए। उन्हें पढ़ाई करनी चाहिए ताकि अगली बार उनका नंबर आ जाए। दूसरी तरफ अभ्यर्थियों का कहना है कि वसुंधरा राजे के समय पद बढ़ाये गए थे। पदों की संख्या बढ़ाने की इस मांग को लेकर ये अभ्यर्थी कई बार धरना-प्रदर्शन के साथ ऑनलाइन मुहिम भी चला चुके हैं। दरअसल सचिन पायलट ने भी 10 दिन पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखकर रीट में पद बढ़ाने की मांग की थी। पायलट के अलावा करीब 50 विधायकों ने भी चिट्ठी लिखकर पद बढ़ाने की मांग की थी। सीएम ने जिस तरह इस मांग को सिरे से खारिज किया है उसकी सियासी हलकों में भी चर्चाएं हैं।