झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ शहर के महिला कोतवाली के समीप एक वानर (बंदर) विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और झुलसने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा घटना की सूचना मिलने के बाद हल्दीघाटी क्षेत्र के गो पुत्र सेना के सदस्य मौके पर पहुंचे और गिन्दौर रेलवे पुलिया के समीप वन क्षेत्र में ले जाकर वानर का विधि विधान से अंतिम संस्कार किया।
गोपुत्र सेना सदस्य विशाल कहार ने बताया कि सोमवार प्रातः 10:00 बजे झालावाड़ कोतवाली क्षेत्र के नागरिकों द्वारा फोन पर सूचना मिली, कि एक वानर विद्युत पोल पर चढ़ने के दौरान करंट के तारों की चपेट में आ गया और झुलसने से उसकी मौत हो गई।
 सूचना के बाद गो पुत्र सेना के सदस्य ऑटो लेकर महिला कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे। जहां विद्युत करंट की चपेट में आया वानर मृत हालत में विद्युत तारों पर लटका नजर आया।  गौ पुत्र सैनिकों ने विद्युत लाइन को बंद करवा कर वानर के शव को नीचे उतारा और गो पुत्र सेना ने ऑटो में सम्मान पूर्वक अंतिम यात्रा निकालते हुए गिन्दौर रेलवे पुलिया के समीप वन क्षेत्र में ले गए और हिंदू रीति रिवाज के अनुरूप मृत वानर के शव का अंतिम संस्कार किया। गो पुत्र सैनिकों ने बताया कि हिंदू समाज में वानर को भी पूजनीय माना जाता है। ऐसे में पूरी तरह हिन्दू रीति रिवाज के साथ वानर का अंतिम संस्कार किया गया है। इस दौरान विशाल, रवि सोनू तथा अजय कहार सहित आधा दर्जन गो पुत्र सैनिक मौजूद रहे।