उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
उदयपुर शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में सेवाश्रम आयड़ पुलिया स्थित शहीद भगतसिंह की प्रतिमा पर कालिख लगाने का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम प्रतिमा पर कालिख को देकर लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने कुछ देर रास्ता जाम किया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंच लोगों से समझाइश की, वहीं कृत्य करने वाले बदमाशों के खिलाफ ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रतिमा पर कालिख लगी होने की सूचना पर भाजयुमो कार्यकर्ता पहुंचे और प्रदर्शन किया। आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। फिर कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में भाजपा पदाधिकारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश रहा। हालांकि पुलिस ने शहर में बात फैलने से पहले ही माहौल शांत कर दिया।भाजपा प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक प्रमोद सामर, शहर जिला महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़, भगत सिंह विकास समिति के रामजी वाष्र्णेय, युवा मोर्चा देहात जिलाध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया, शहर जिलाध्यक्ष सनी पोखरना, भाजपा राणा प्रताप मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मारू, महामंत्री सुनील वसीटा ने आक्रोश जताया। मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि सुरेंद्र सिंह पवार, नीरज सामर, दशरथ सिंह देवड़ा, देवेंद्र सिंह झाला मौजूद थे। भूपालपुरा थानाधिकारी भवानीसिंह राजावत शहीद भगतसिंह की प्रतिमा पर कालिख लगा देने की जानकारी मिली। लोगों ने विरोध किया तो उनसे समझाइश कर माहौल शांत किया। अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया, जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ