जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान प्रदेश में कोरोना ने अपनी रफ्तार तेज कर दी है। प्रदेश मे अब 301 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले 192 जयपुर में मिले हैं। इससे जयपुर में कोरोना के कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा बढ़ गया है। पिछले एक सप्ताह से लगातार कोरोना के डरावने आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। बढ़ते मामलो को देखते हुए प्रशासन ने सभी अस्पताल संचालकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को जयपुर के अलावा जोधपुर में 32, अलवर में 14, कोटा में 13 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा भीलवाड़ा में 9, भरतपुर 8, उदयपुर 5, अजमेर 6, गंगानगर, बीकानेर में 4-4, सीकर, धौलपुर में 3-3, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, टोंक में 2-2 और पाली, दौसा में एक-एक मरीज मिला है। प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1247 पर पहुंच गई। जयपुर के बाद अब जोधपुर दूसरा शहर बन गया, जहां एक्टिव की संख्या 100 के पार पहुंच गई। जोधपुर में कुल एक्टिव मामले 126 हो गए है। वहीं जयपुर में सबसे ज्यादा 796  मामले हैं। चिकित्सा विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में जयपुर में 727  मामले सामने आए हैं। ये तब है जब जयपुर में हर रोज औसत टेस्टिंग 4 हजार के करीब है। सबसे ज्यादा 17 मामले मालवीय नगर में आए है। वहीं 4 मामले आज भी ऐसे मिले है, जिनका चिकित्सा विभाग के पास कोई एड्रेस या कॉन्टेक्ट नहीं है। मालवीय नगर के अलावा वैशाली नगर में 13, अजमेर रोड पर 12, दुर्गापुरा में 11 और मानसरोवर इलाके में 10  मामले मिले हैं।