जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोरवाडिया ने कहा कि पीएम मोदी लाखों का सूट और चश्मे पहनते है। हजारों करोड़ के विमान में घुम रहे हैं। मोदी ने 12 करोड़ की लेटेस्ट कार खरीदी है। जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि जब  डॉक्टर मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे वे साधारण कारों में घूमते थे। मोरवाडिया ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में 56 रुपए में डीजल बिकता था, जबकि क्रूड ऑयल के दाम बहुत ज्यादा थे। मोदी सरकार में क्रूड ऑयल सस्ता हुआ, लेकिन सरकार ने एक्साइज रेट चार गुना बढ़ा दी। किसानों को खाद भी महंगे हो गए। बिजली की दर बढ़ चुकी है। मोदी सरकार महंगाई बढ़ाने में पूरी तरह से जुटी हुई है। आज घर बनना सबसे मंहगा हो गया। स्टील और सीमेंट आदि के दाम बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और कोविड से लोगों की आय आधी हो गई। मोरवाडिया ने कहा कि आम आदमी के लिए जरुरी खाद्य पदार्थ दो गुना से ज्यादा महंगे हो चुके हैं।