जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गुजरात में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करेगी। कांग्रेस गुजरात विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुजरात कांग्रेस के प्रभारी और केकड़ी से कांग्रेस विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपवाद को छोड़कर किसी राज्य में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा सहित पांच राज्यों में में चुनाव होने हैं। वहां कहीं भी सीएम चेहरा घोषित नहीं किया है, सब जगह सामूहिक लीडरशिप में ही चुनाव लड़ा जाएगा। डॉ. शर्मा ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि गुजरात में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। गुजरात में कोरोना का कुप्रबंधन सबसे ज्यादा रहा था, कोरोना से गुजरात में सबसे ज्यादा मौतें हुईं। कोरोना मृतकों को मिलने वाली 50 हजार की सहायता तक नहीं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वहां न्याय यात्रा शुरू की है। उसमें कोरोना मृतकों के परिवारों का डेटा एकत्रित किया जा रहा है । वहां कोरोना मृतकों के परिवारों से डोर टू डोर जाकर एक लाख फॉर्म भरवाए हैं, अभी आधे गुजरात का ही दौरा हुआ है। डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि गुजरात सरकार का कोरोना में भारी कुप्रबंधन रहा। कारेाना मृतकों के आंकड़े केवल 20 हजार बताए गए जबकि तीन लाख लोगों की मौत हुई है। गरीब लोगों को समय पर सहायता तक नहीं दी गई।उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनावी साल में जब अपने खराब शासन से हारने का खतरा पैदा हुआ तो वहां सीएम से लेकर पूरी सरकार का चेहरा बदला गया है। इस बदलाव से यह साफ हो गया कि सरकार का काम खराब था इसीलिए सब बदल दिए। जनता सब समझ चुकी है।

0 टिप्पणियाँ