जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट.
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने मेरा तिरंगा-मेरा गौरव अभियान की शुरुआत की। राज्यपाल ने अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी हो और 26 जनवरी को हर घर पर तिरंगा फहराया जाने की अपील करते हुए कहा कि इससे अच्छी बात कुछ हो नहीं सकती। दरअसल देशभर में बुधवार को 73 वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान राजधानी जयपुर में हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज लहराता हुआ विहंगम दृश्य नजर आएगा। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष और तिरंगा अभियान के संयोजक पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी 'मेरा तिरंगा मेरा गौरव' अभियान चलाया जाएगा। चूंकि कोरोना की तीसरी लहर चल रही है, ऐसे में सार्वजनिक कार्यक्रम कम हो रहे हैं। इस परिस्थिति में जयपुर शहर में हर घर पर तिरंगा लहराए। इसलिए पूरे जयपुर शहर में 10 हजार परिवारों को निशुल्क तिरंगा वितरित किया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत ऐसे कार्यक्रम करना युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावना बढ़ाता है।

0 टिप्पणियाँ