जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान सहित पूरे देश में सोमवार से 15 से 18 साल तक के एज ग्रुप के किशोरों का भी वैक्सीनेशन शुरू हो रहा है। राजस्थान का हेल्थ डिपोर्टमेंट इस एज ग्रुप की अनुमानित संख्या लगभग 53.15 लाख मान रहा है। केन्द्र सरकार ने ऐसे बच्चों की संख्या 46 लाख 51 हजार मानी है, जो रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की है। राज्य में आज कुल 3456 सरकारी सेंटर्स पर वैक्सीन लगाने की तैयारी है। जिन बच्चों के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड या स्कूल का आईडी कार्ड नहीं है, वे अपने माता-पिता, भाई-बहन के आईडी कार्ड से रजिस्ट्रेशन करवाकर वैक्सीन लगवा सकेंगे।

चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने बताया कि हमारा टारगेट जल्द से जल्द इस एज ग्रुप को वैक्सीनेट करने का है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन का हमारे पास अभी पर्याप्त स्टॉक है और केन्द्र सरकार से मांग के अनुरूप हमे वैक्सीन मिलती रही तो हम इसी महीने के अंत तक इस एज ग्रुप काे वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगा देंगे।

चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि राजस्थान में 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60 साल से ऊपर के एज ग्रुप के गंभीर रोगग्रस्त व्यक्तियों का भी प्रिकॉशन डोज का वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष आयु के समस्त किशोर (2007 या उससे पूर्व में जन्मे बच्चे) वैक्सीन लगवा सकते हैं।

15.82 लाख वैक्सीन का स्टॉक
राजस्थान में टीकाकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. रघुराज सिंह ने बताया कि 15.82 लाख डोज को-वैक्सीन स्टॉक में उपलब्ध है। इनका अलॉटमेंट जिलेवार हो गया है। स्टाफ पहले से मौजूद और प्रशिक्षित है। वैक्सीनेशन भी सामान्य तरीके से होगा, जैसा होता आ रहा है।