उदयपुर भगवान प्रजापत।
राज्यपाल कलराज मिश्र मंगलवार को स्मार्ट विलेज मदार पहुंचे। यहां पर मिश्र का ग्रामीणों की ओर से मेवाड़ी परम्परा के अनुसार स्वागत किया गया। मदार के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम से पहले मिश्र ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और ग्रामीणों को कृषि के क्षेत्र में नई तकनीक से जुड़ते हुए खेती करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्यपाल मिश्र के साथ महाराणा प्रताप कृषि एंव प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एनएस राठौड भी मौजूद थे। राठौड ने राज्यपाल को मदार विलेज में विश्वविद्यालय की ओर से करवाए जा रहे कार्यो के बारे में जानकारी दी। मिश्र ने कार्यक्रम में उत्तम बीजों के साथ नई तकनीक से बने उपकरणों को ग्रामीणों में वितरित किया ताकि वह नई तकनीक से खेती कर अपना उत्पादन बढ़ा सकें और अपने जीवन को खुशहाल बना सके।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने ग्रामीणों से किया संवाद।
राज्यपाल मिश्र ने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए मिश्र ने ग्रामीणों से आह्वान किया वे समय-समय पर विश्वविद्यालय में जाकर खेती की नई तकनीक के बारे में जानकारी जुटाए। विश्वविद्यालय कृषको के लिए हरदम तैयार हैं। विश्वविद्यालय इस बात का प्रयास करेगा कि उनसे सम्पर्क करने वाले किसानों को पूर्ण जानकारी समय पर प्रदान कर सकें ताकि किसान अपनी पैदावार को बढ़ा सकें।
छात्र-छात्राओं को प्रदान किए प्रमाण-पत्र।
मिश्र ने कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं को राज्यपाल ने देश भविष्य बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए सभी को सहयोग भी करना होगा और समय-समय पर हौंसला भी बढ़ाना होगा।

0 टिप्पणियाँ