उदयपुर से भगवान प्रजापत।
सलूम्बर रोड़ पर अमरपुरा गांव के चौराहे पर मंगलवार को दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गयी। दुकान से खरीददारी कर बाहर निकली दो महिलाओं को कार ने चपेट में ले लिया। इसके बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गये। जानकारी के अनुसार अमरपुरा गांव के मुख्य बाजार के मार्ग पर दुकान से खरीददारी कर बाहर निकलते ही सगा और सुगना नाम की दो महिलाओं सहित अन्य तीन लोगों को चपेट में ले लिया। कार की गति तेज होने से सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। कार उदयपुर से सलूम्बर की ओर जा रही थी। जावरमांइस थानाधिकारी बाबूलाल मोरिया ने बताया कि कपड़ों की दुकान पर कुछ महिलाए कपड़े खरीदने आई थी और खरीददारी के बाद बाहर निकलने पर कार ने टक्कर मार दी। सगा कालबेलिया नाम की महिला बनोड़ा गांव की रहने वाली थी और सुगना सराड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। हादसे में घायल हुए तीन लोगों को इलाज के लिए एमबी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया हैं। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी हैं।

0 टिप्पणियाँ