जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के चार जिले श्रीगंगानगर, करौली, कोटा और बारां में हुए पंचायत राज चुनाव के नतीजों पर भाजपा ने संतोष व्यक्त किया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश के किसान और युवाओं ने जन विरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना मैंडेट दिया है। पूनिया राजस्थान के इतिहास में किसी भी विपक्षी दल के पंचायत राज चुनाव में किए गए प्रदर्शन में भाजपा का प्रदर्शन सबसे शानदार मानते हैं। सतीश पूनिया ने नतीजों को लेकर कहा कि राजस्थान के राजनीतिक इतिहास में किसी विपक्षी दल का पंचायत राज चुनाव में यह शानदार प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि इन चारों जिलों में कांग्रेस के जिला परिषद बोर्ड थे। अब भाजपा ने जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस से दो जिला परिषद बोर्ड छीनकर कमल खिलाया है। पूनिया ने कहा कि कोटा और बारां के जिला परिषद चुनाव में भाजपा की शानदार जीत से हाड़ौती संभाग से लेकर पूरे राजस्थान में भाजपा को बड़ी मजबूती मिलेगी और प्रदेश के कुल 33 में से 17 जिला प्रमुख भाजपा के हैं और इन दो जिला परिषद बोर्ड बनने से यह संख्या 19 हो जाएगी। पूनिया ने अपने बयान में कहा कि पंचायत समिति चुनाव में भी भाजपा के प्रदर्शन को शानदार मानते हैं। पूनिया ने बताया कि अब तक के सभी चरणों के पंचायत राज चुनाव के नतीजे सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ हैं। पंचायत समिति नतीजों में भी भाजपा और निर्दलीय की संख्या मिलाकर कांग्रेस से ज्यादा है, जिससे स्पष्ट है कि जनता ने कांग्रेस के खिलाफ मैंडेट दिया है।

0 टिप्पणियाँ