टोंक ब्यूरो रिपोर्ट।
टोंक एसीबी की टीम ने बडी कारवाई करते हुए पीपलू सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर रामखिलाड़ी मीणा और दलाल आनंद जैन को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों ने एक किसान से केसीसी की राशि बढ़ाने की एवज में 10 हजार रूपये की मांग की थी। एएसपी (एसीबी) आहद खान ने बताया कि परिवादी हरिपुरा (पीपलू) निवासी गिरीराज स्वामी ने मंगलवार को टोंक एसीबी कार्यालय में आकर शिकायत की थी कि पीपलू सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर रामखिलाड़ी मीणा और उसके सहयोगी दलाल (डेली बेसेस कर्मचारी) आनंद जैन ने केसीसी की राशि बढ़ाने के लिए खर्चा-पानी के नाम पर 10 हजार रुपए की मांग की। मामले का सत्यापन करवाया तो आरोपी बैंक मैनेजर व अस्थाई कर्मचारी की ओर से रिश्वत की राशि मांगना सही पाया गया। इसके बाद ट्रेप की कार्यवाही को अंजाम देने के लिए जाल बिछाया गया और सवाईमाधोपुर निवासी बैंक मैनेजर रामखिलाड़ी मीणा और पीपलू निवासी अस्थायी बैंक कर्मचारी (डेलीवेज) आनंद जैन को बस स्टेंड से 8 हजार रुपए रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के आवास व अन्य ठिकानों पर एसीबी की ओर से तलाशी की जा रही है।