जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर कोरोना का नया हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे जिले में 15 नए केस मिले हैं। जयपुर में सोमवार को मिले केस में 1 व्यक्ति जर्मनी का है। पिछले महीने जयपुर आया था। महावीर स्कूल में पढ़ने वाला एक स्टूडेंट भी संक्रमित मिला है। वह पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था और घर पर ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। सीएमएचओ डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि जर्मनी से एक परिवार के चार सदस्य 27 नवंबर को जयपुर पहुंचे थे। ये परिवार एक-दो दिन में वापस जर्मनी लौट रहा था, जिसके लिए आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया। टेस्ट में 4 में से 3 सदस्यों की रिपोर्ट तो निगेटिव आई, लेकिन एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला। मेडिकल टीम ने उसे वैशाली नगर स्थित घर पर ही क्वारैंटाइन कर दिया। उसके संपर्क में आए लोगों को डिटेक्ट करना शुरू कर दिया। सीएमएचओ ने बताया कि इसका सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए एसएमएस मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव व्यक्ति में किसी तरह के लक्षण नहीं हैं। जयपुर की पिछले 7 दिन की रिपोर्ट देखें तो 66 मरीज मिल चुके हैं।