सिरोही से गणपत सिंह मांडोली।
सोनी सब टीवी पर दिखाएं जाने वाले प्रसिद्ध सिरीयल तारक मेहता का उल्टा चश्मा से देश विदेश में मशहूर हुए अंतर्राष्ट्रीय कवि शैलेष लोढ़ा के शिवगंज आगमन पर शहरवासियों ने उनका जो ऐतिहासिक स्वागत किया वह स्वागत उनके जेहन में सैदव के लिए चिरस्थाई बन गया। हजारों की संख्या में सडक़ों पर उमडी भीड़ अपने चहेते कलाकार की एक झलक पाने को बेताब नजर आई। लोढ़ा का काफिला जहां से गुजरा रास्ते में जगह जगह पर लोगों ने उनका पुष्पहार पहना तो कई समाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका साफा पोशी कर स्वागत किया। अपने इस स्वागत से अभिभूत कवि लोढ़ा ने कहा कि वे शिवगंज वासियों की इस अपणायत के कायल हो गए। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा के साथ नेहरु पार्क  के पुनरूद्धार कार्य पूर्ण होने पर उसे वैदिक विधान से पूजा अर्चना कर आम जनता के लिए लोकार्पित किया।
जानकारी के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय कवि शैलेष लोढ़ा शाम करीब साढ़े चार बजे विधायक लोढ़ा के साथ सिरोही से शिवगंज पहुंचे। जहां पहले से उनका इंतजार कर रही लोगों की भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। बाद में उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच पालिका प्रशासन की ओर से रोड़ शो के लिए तैयार करवाई गई खुली जीप में सवार करवाया गया। जीप में सवार होने के बाद लोढ़ा ने शहरवासियों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। लोढ़ा के शिवगंज आगमन को लेकर शहरवासियों का उत्साह भी देखते बन रहा था। वे अपने चहेते कलाकार की एक झलक देखने को ललायित दिखाई दिए। अभिनेता लोढ़ा का यह काफिला नगर पालिका से होते हुए मुख्य बाजार, गोलबिल्डिंग पहुंचा। इस दौरान रास्ते में कहीं पर भी पांव तक रखने की जगह नहीं थी। हर जगह पर लोगों की भारी भीड़ उनका स्वागत करने को आतूर दिखाई दी। लोढ़ा ने भी बड़ी आत्मीयता के साथ उनका अभिवादन स्वीकार किया।गोलबिल्डिंग स्थित प्राचीन गजानंदजी मंदिर पहुंचने ने पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए उन्होंने गजानंदजी मंदिर में जाकर भगवान गणेश से आशीर्वाद लिया। यहां से उनका रोड़ शो फिर से अपने गंतव्य की तरफ रवाना हुआ। हलवाई बाजार, सब्जी मंडी, अंबिका चौक, अंबाजी मंदिर, गुरुद्वारा होते हुए उनका काफिला करीब एक घंटे बाद नेहरु पार्क पहुंचा। इस दौरान जगह जगह उनका स्वागत किया गया।

महिलाओं व युवतियों की संख्या ज्यादा रही।
तारक मेहता के अपने चहेते कलाकार शैलेष लोढ़ा को देखने तथा उनके साथ अपनी सेल्फी लेने के लिए आतुर महिलाओं एवं युवतियों का उत्साह तो देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में पुरूषों एवं युवाओं की संख्या तो अधिक थी ही, महिलाओं व युवतियों की संख्या उससे भी अधिक थी। कार्यक्रम स्थल भी महिलाओं एवं युवतियों से भरा दिखाई दिया। लोढ़ा की एक झलक पाने के लिए महिलाएं व युवतियां एक दूसरे को धक्का मुक्की तक करती दिखाई दी। इससे एक बारगी वहां की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुई। लेकिन महिलाओं व युवतियों में जोश इतना था कि वे इसे भी नजरअंदाज करती दिखाई दी। इस वजह से व्यवस्थाएं बनाने के लिए तैनात कार्यकर्ताओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विधायक ने करवाई पुराने दिनों की याद ताजा विधायक संयम लोढ़ा के पुराने मित्र शैलेष लोढ़ा जिन्होंने बचपन के दिनों में शिवगंज में भी अपना समय बिताया। काव्य पाठ किए, पूरे रास्ते के दौरान दोनों मित्र खुली जीप में उन स्थानों के बारे में बतियाते दिखाई दिए, जो स्थान उनकी स्मृतियों में आज भी जिंदा थे। इस दौरान कवि लोढ़ा विधायक से यह भी पुछते दिखाई दिए कि ये स्थान वहीं है ना, जो अब काफी बदला सा नजर आता है। अपने बचपन के शहर में आकर कविराज भी काफी गदगद दिखाई दिए। इस दौरान भीड़ में से उन्हें उनके बचपन के दिनों में काव्य पाठ करते हुए एक तस्वीर भी भेंट की गई। जिसे खोलकर उन्होंने लोगों के सामने प्रदर्शित भी किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पार्क का शुभारंभ।
नेहरु पार्क पहुंचने पर कवि शैलेष लोढ़ा एवं विधायक संयम लोढ़ा ने पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पार्क के नवीनीकरण कार्य के शीलालेख का अनावरण कर शुभारंभ किया। हालांकि पालिका प्रशासन की ओर से समारोह स्थल पर पर्याप्त व्यवस्थाएं भी की थी। लेकिन जो भीड़ उमड़ी उसका अंदाजा पालिका के अधिकारी भी नहीं लगा सके।
आपकी इस अपणायत को कभी नहीं भुला पाऊंगा नेहरु पार्क के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कवि शैलेष लोढ़ा ने कहा कि वे आपकी इस अपणायत के कायल हो गए। आपके इस प्रेम को वे कभी नहीं भूला पाएंगे। उन्होंने कहा कि सिरोही की धरती से उन्हें काफी लगाव है। हालांकि उनका जन्म जोधपुर मेें जरुर हुआ है। लेकिन कवि के रूप में जो पहचान उन्हें मिली है वह सिरोही से मिली है। इसलिए जब भी उन्हें सिरोही आने का मौका मिलता है उसे वे कभी नहीं छोड़ते। इस मौके पर उन्होंने विधायक लोढ़ा का भी आभार प्रकट किया जिनकी वजह से उन्हेंं शिवगंज की जनता से मिलने का मौका मिला। इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने भी उनके आग्रह पर शिवगंज आने के लिए शैलेष लोढ़ा का आभार प्रकट किया। इससे पूर्व विधायक लोढ़ा सहित पालिका प्रशासन की ओर से पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत आदि ने पंरपरागत रूप से शैलेष लोढ़ा का पुष्पहार एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।