पाली मनोज शर्मा।
चिकित्सा विभाग की ओर से तंबाकू निषेध दिवस कोटपा अधिनियम के अंतर्गत चालान की व्यापक कार्यवाही कर एवं आमजन को जागरूक कर मनाया गया। इस अवसर पर विभाग की ओर से आमजन व दुकानदारों को कोटपा अधिनियम के बारे में अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी तथा उल्लंघन करने वाले लोगों का चालान कर उनसे जुर्माना वसूला गया।  
कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ.विकास मारवाल ने बताया कि चिकित्सा विभाग की ओर से तंबाकू निषेध दिवस पर सभी उपखण्ड क्षेत्रों में व्यापक चालानिंग कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि माह के अंतिम दिवस को पाली जिले में भी तंबाकू निषेध दिवस के अंतर्गत कोटपा अधिनियम के अंतर्गत उल्लंघनकर्ता दुकानदारों एवं आम नागरिकों के विरूद्ध चालान कर उनसे राशि वसूली की गई तथा आमजन एवं दुकानदारों को कोटपा अधिनियम की पालना करवाने के लिए समझाइश एवं परामर्श किया गया।
 डॉ. मारवाल ने बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को तम्बाकू उत्पादों का उपयोग नहीं करने हेतु जागरूक करना है ताकि आने वाले समय में जिले के लोगों में तम्बाकु के कारण होने वाले दुष्प्रभावों एवं कैंसर के केसेज में कमी करना है। चालानिंग की कार्यवाही के साथ लोगों को तम्बाकु उत्पादों का उपयोग नहीं करने का संकल्प भी दिलवाया गया। उन्होंने बताया कि कोटपा अधिनियम की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने एवं उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु जिले के समस्त बीसीएमओ, समस्त चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में कार्यवाही की। पाली शहर में भी जिला प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य एवं कोटपा अधिनियम के अंतर्गत कार्य कर रहे साईकोलोजिस्ट के.सी. सैनी द्वारा सूरजपोल क्षेत्र, पुराना बस स्टैण्ड, नया बस स्टैण्ड, सब्जी मण्डी, मस्तान बाबा क्षेत्र में भ्रमण कर अधिनियम केए अंतर्गत उल्लंघनकर्ता दुकानदारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते हुये पाये गये लोगों के विरूद्ध कार्यवाही कर चालान किया तथा उनसे जुर्माना वसूला। पाली जिले में लगभग एक हजार उल्लंघनकर्ताओं का चालान किया गया तथा उनसे जुर्माना वसूला गया। जिला प्रशिक्षण के प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने बताया कि उनके द्वारा कार्यवाही के दौरान सूरजपोल क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा नाबालिक को तम्बाकू उत्पाद का विक्रय करते हुये पाये जाने पर कार्यवाही की, पुराना बस स्टेण्ड क्षेत्र में एक दुकान पर एक बालक तम्बाकू उत्पाद बेचता हुआ पाये जाने पर कार्यवाही की, कुछ दुकानों पर चेतावनी बोर्ड लगे नहीं होने पर कार्यवाही की गई, कुछ दुकानों पर तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन के स्टीकर्स चिपके पाये जाने पर कार्यवाही की तथा मौके पर ही विज्ञापनों को हटवाया गया, कई सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते हुये पाये गये लोगों पर भी कार्यवाही की गई। भ्रमण एवं कार्यवाही के दौरान  उल्लंघकर्ताओं की समझाईस की तथा उन्हें परामर्श किया गया। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति तंबाकू उत्पादों के व्यसन से मुक्ति चाहता है तो वह राजकीय बांगड़ चिकित्सालय में कमरा संख्या 15 में संचालित हो रहे तम्बाकु मुक्ति एवं परामर्श केन्द्र पर सम्पर्क कर सकता है, जहॉं उसे निःशुल्क सहायता प्रदान की जायेगी एवं निःशुल्क उपचार एवं औषधियां भी उपलब्ध करवाई जायेगी।