उदयपुर भगवान प्रजापत।
उदयपुर के नाई थाना क्षेत्र में स्थित एक रिसोर्ट से बच्चें समेत दो लोग एक शादी समारोह में से नकदी और जेवरात से भरा बैग चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक युवक सूट बूट पहना युवक नजर आ रहा हैं, जो इस बैग के पास घूम रहा था। इसी दौरान महज एक मिनट में एक बच्चा बैग लेकर बाहर की ओर चला गया। जिसके पीछे-पीछे युवक भी चला गया। नाई थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि रामचन्द्र धाबाई ने मामला दर्ज करवाया कि उसने अपने पुत्र हर्षित धाबाई की शादी का समारोह गोरेला स्थित उदयबाग रिसोर्ट में रखा था। जहां पर शादी समारोह से 30 नवम्बर को दो चोर एक बैग चोरी कर ले गए। इस बैग में सोने का एक मंगलसूत्र, आधा किलो चांदी के पायजेब के साथ 2 लाख रूपए नकद और मेहमानों द्वारा दिए गए लिफाफे थे। बैग को गायब देखकर परिजनों के होश उड़ गए और परिजनों ने इस बैग को काफी ढूंढा पर बैग नही मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाने से मौके पर जाब्ता गया और रिपोर्ट ली गई।
परिजनों ने शादी में आए मेहमानों से पूछने के बाद ही प्रकरण दर्ज करने के लिए कहा, लेकिन बैग का पता नहीं चला। मामला दर्ज करने के बाद रिसोर्ट में लग रहे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा तो एक युवक सूट बूट पहने बैग के पास मंडराता हुआ नजर आया। जिसे शादी वाले पक्ष ने भी पहचानने से इंकार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि महज एक मिनट में एक बच्चा बैग को लेकर बाहर की ओर निकल जाता हैं। पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की तलाश शुरू कर दी हैं।