झालावाड़ हरिमोहन चोडॉवत।
विभिन्न भर्तियों व नई नियुक्ति के लिए आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने की एवज में झालावाड़ जिला अस्पताल द्वारा नियत से अतिरिक्त शुल्क राशि वसूली जा रही थी। जिसकी शिकायत को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल अधीक्षक का घेराव किया और हेल्थ सर्टिफिकेट जारी करने की एवज में अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन धाभाई ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट आवश्यक होता है, ऐसे में प्रतिभागी छात्र जिला एसआरजी अस्पताल में बड़ी संख्या में हेल्थ सर्टिफिकेट बनाने के लिए पहुंच रहे हैं। हेल्थ सर्टिफिकेट जारी करने हेतु 50 रुपये शुल्क राशि भी तय है, लेकिन अस्पताल स्टाफ द्वारा 50 की जगह 100 रुपये राशि वसूल कर हेल्थ सर्टिफिकेट जारी किए जा रहे। मामले की शिकायत मिलने के बाद आज अस्पताल अधीक्षक संजय पोरवाल से मिलकर शिकायत की गई है। उधर मामले में अस्पताल अधीक्षक संजय पोरवाल ने कहा कि अस्पताल में रेजिडेंट की हड़ताल के कारण पहले ही व्यवस्थाओं को बनाए रखने में परेशानी आ रही, ऐसे में सीएमएचओ को बोल कर हेल्थ सर्टिफिकेट स्थानीय सीएचसी व पीएचसी पर ही बनवाने का आग्रह किया गया है। प्रतिभागियों से भी निवेदन है कि वह सभी स्थानीय स्तर पर भी चिकित्सक से स्वास्थ्य सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं, इसके लिए उन्हें झालावाड़ आकर जिला अस्पताल में भटकने की जरूरत नहीं है। हेल्थ सर्टिफिकेट्स हेतु जिला अस्पताल में अधिक राशि वसूलने की भी शिकायत मिली है, जिसे लेकर जांच होगी व दोषी कार्मिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ