जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में शुरू हुआ। सीएम अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने इसकी शुरुआत की। कांग्रेस की रीति नीति, स्वतंत्रता संघर्ष में योगदान, हिंदू व हिंदुत्व में भेद और राष्ट्रवाद सहित विभिन्न विषयों पर इस राज्य स्तरीय शिविर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन आज प्रदेश प्रभारी अजय माकन भी जयपुर आएंगे। वे शिविर को संबोधित कर सकते हैं। कार्यक्रम के लिए 350 कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया गया है। वहीं रविवार देर शाम शिविर में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये मनोरंजन किया। कुछ पदाधिकारियों ने इस अवसर पर गीत पेश किये तो कुछ ने शेरो शायरी सुनाई। शिविर संयोजक और पीसीसी सचिव जसवंत गुर्जर ने बताया कि 28 दिसंबर तक चलने वाले ये प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह आवासीय है। इसमें ट्रेनिंग लेने वाले नेता व कार्यकर्ताओं की खाने पीने की व्यवस्था से लेकर रहने तक की पूर्ण व्यवस्था है। बताया जा रहा है कि शिविर में 350 कार्यकर्ता व नेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसमें मंत्री परिषद के सदस्य, विधायक, एआईसीसी के सदस्य, पीसीसी पदाधिकारी सहित कुछ जिला प्रमुख भी शामिल हैं। पहले दिन रविवार को गहलोत सरकार में मंत्री महेश जोशी,गोविंद राम मेघवाल और राजस्व मंत्री रामलाल जाट पूर्व मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह सहित कई नेता शामिल हुए। इस राज्य स्तरीय शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय नेता भी विभिन्न सत्रों में पार्टी की अब तक के इतिहास और आगामी रणनीति के बारे में जानकारी देंगे।

0 टिप्पणियाँ