जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 
राजस्थान सरकार का कोलकाता में निवेश संपर्क कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। सीआईआई के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने निवेशकों से वार्ता की और 24 एवं 25 जनवरी 2022 को जयपुर में आयोजित किए जा रहे राजस्थान सरकार के निवेश महासम्मेलन ”इन्वेस्ट राजस्थान” में आमंत्रित किया।कोलकाता में आयोजित रोड शो को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि राजस्थान सरकार के नेतृत्व ने प्रदेश में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, रिप्स 2019, एमएसएमई नीति, क्षेत्र विशेष के लिए नीति निर्धारण और वन स्टॉप शॉप जैसे नवाचारों से निवेश को दिशा और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। गौरतलब है के राजस्थान में निवेश की बढ़ती संभावनाओं ने देश विदेश के निवेशकों को आकर्षित किया है। बड़े निवेशक समूह जैसे अदानी, रिन्यू पावर, ग्रीनको आदि ने प्रदेश में हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के प्रस्ताव राज्य सरकार को प्रस्तुत किए हैं । ऐसे में इन्वेस्ट राजस्थान के आयोजन से सभी क्षेत्रों में निवेश प्रोत्साहित कर राजस्थान सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊर्जा दे रही है।राजस्थान फाउंडेशन के कमिश्नर धीरज श्रीवास्तव ने प्रदेश में निवेश के लाभ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ-साथ खनिज और अन्य प्रकृति संसाधनों से भरपूर है। साथ ही राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और आकर्षक नीतियां यहां उद्योग के विकास को आधार प्रदान कर रही हैं।कोलकाता में आयोजित रोड शो को उन्होंने विशेष महत्व देते हुए कहा के राजस्थान और पश्चिम बंगाल के मध्य एक मजबूत रिश्ता है जिसमें बंगाल में बसे राजस्थानी समुदाय का बड़ा योगदान है। इस रोड शो के माध्यम से हम उन्हे एक बार पुनः राजस्थान के औद्योगिक विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं । राजस्थान अपनी भौगौलिक स्थिति के कारण भी निवेश के लिए एक उत्तम गंतव्य है। यह भारत की राजधानी सहित कई बड़े प्रदेशों से जुड़ा है और आधारभूत सुविधाओं के विकास से यहां से उद्योग आसानी से अपना उत्पाद बाहर के बाजार में भेज रहे हैं। राज्य सरकार की औद्योगिक विकास इकाई रीको द्वारा प्रदेश में स्थापित 360 से अधिक औद्योगिक क्षेत्रों में 40 हजार से अधिक इकाईयां कार्यरत हैं। रीको द्वारा आगामी वर्ष में करीब 150 नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जाएंगे । साथ ही पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल निवेश क्षेत्र, इलेक्टि्रक व्हीकल क्षेत्र और फिनटेक पार्क जैसे नए निवेश गंतव्य प्रदेश में आकर ले रहे हैं।  डीएमआईसी, गैस ग्रिड, फ्रेट कॉरिडोर जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से यहां उद्योग के विकास के नए मार्ग बन रहे हैं।कोलकाता में आयोजित रोड शो में राजस्थान की इन्ही अपार संभावनाओं पर सम्भावित निवेशकों से चर्चा के लिए नगरीय विकास मंत्री के नेतृत्व में भिवाड़ी इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ रोहिताश्व  सिंह तोमर, और राजस्थान फाउंडेशन के कमिश्नर धीरज श्रीवास्तव उपस्थित थे। रोड शो में मंगला इस्पात के एमडी सीताराम अग्रवाल, मयूर यूनिकोट्स के चेयरमैन और एमडी सुरेश के पोद्दार और राजस्थान विधानसभा के सदस्य और पॉलिप्रोडक प्राइवेट लिमिटेड के निर्देशक रोहित बोहरा ने राजस्थान में निवेश को लेकर अपने सुखद अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की शुरुआत सीआईआई वेस्ट बंगाल के वाइस चेयरमैन और हल्दिया पेट्रोकेमिकल लिमिटेड के होल टाइम डायरेक्टर श्री सुभाषेंदु चटर्जी ने की और समापन वक्तव्य सीआईआई राजस्थान के संजय साबू द्वारा प्रस्तुत किए गए।