जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दौसा में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित सेवा ही कर्म-सेवा ही धर्म,’’ आपका विश्वास-हमारा प्रयास’’विकास प्रदर्शनी आमजन के लिये लाभदायक साबित हो रही है। पर्यटन मंत्री एवं दौसा जिला प्रभारी विश्वेन्द्र सिंह ने विकास प्रदर्शनी का उद्वघाटन करते हुये कहा कि इस प्रदर्शनी में आमजन को राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यो व योजनाओं की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार  ने हर गांव, ढाणी व गरीब तबके के लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर आमजन को लाभान्वित करवाने का प्रयास किया है। राज्य सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में हर वर्ग के युवाओं, महिलाओं सहित विभिन्न योजनाएं पालनहार, निरोगी राजस्थान, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना सहित सभी योजनाएं प्रदेश के लोगों को लाभान्वित करने के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का सफल परिणाम भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक परिवार को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा है कि राजस्थान का प्रत्येक नागरिक चाहे वह किसी भी वर्ग से हो, उपचार के अभाव में उसकी मृत्यु नहीं हो,येसी व्यवस्था की है।यह सब इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होने आमजन से कहा कि आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करे। सूचना जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक रामजीलाल मीणा ने बताया कि विकास प्रदर्शनी में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश व जिले में संचालित योजनाओं एवं अर्जित उपलब्धियों को स्टालों द्वारा जानकारी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में  श्रम विभाग, नगर परिषद, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग, मनरेगा, जिला परिषद, रोजगार विभाग, विद्युत विभाग, रसद विभाग, चिकित्सा विभाग, वन विभाग,  जल संसाधन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग,सहकारिता विभाग, सांख्यिकी विभाग, शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा अर्जित उपलब्धियों का सचित्र प्रदर्शन किया गया है।