ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर की विश्वकर्मा थाना पुलिस ने पिछले दिनों शहर में दाल खरीद के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले व्यापारी परिवार को गिरफ्तार कर लिया। विद्याधर नगर इलाके में रहने वाला साहू परिवार शहर सहित अन्य कई जिलों के व्यापारियों से महंगे दामों में दाल की खरीदने के बाद उसे ओने पौने दामों में बेचकर फरार हो गया था। पुलिस ने एक कारपेंटर की निशानदेही पर इस परिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। डीसीपी वेस्ट रिचा तोमर के अनुसार विद्याधर नगर के सेंट्रल स्पाइन इलाके में रहने वाले विजय कुमार साबू ,उसकी पत्नी बबीता साबू और बेटे मोहित साबू को राजस्थान एसओजी सहित प्रदेश के कई थानों की पुलिस तलाश कर रही थी। आरोपियों ने कुछ समय पहले जयपुर के वीकेआई क्षेत्र में एक कंपनी खोलकर प्रदेश के अलग-अलग व्यापारियों से महंगे भाव में करोड़ों की दाल खरीद ली। उसके बाद उस दाल को कम भाव में बेचकर वीकेआई स्थित फैक्ट्री गोदाम में आग लगा दी। जिन व्यापारियों से दाल खरीदी गई थी, उन्होंने पैसे मांगे तो आग लगने से हुए नुकसान का हवाला देकर उन्हें पेमेंट करने से इंकार कर दिया। व्यापारियों को जब इस परिवार की ओर से की गई करतूत की भनक लगी तो वे इनके पीछे पड़ गए और अपने भुगतान का दबाव बनाने लगे। इसके बाद व्यापारियों का बढ़ता दबाव देखकर साबू परिवार जयपुर से फरार हो गया। पीड़ित व्यापारियों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद से ही पुलिस इस परिवार को तलाश कर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि साबू परिवार इस तरह से पहले भी ठगी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस इनसे और भी पूछताछ कर रही है।

0 टिप्पणियाँ