जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
जैसलमेर जिले के सम स्थित डेजर्ट नेशनल पार्क एरिया में भारतीय सेना का फायटर जेट मिग-21 क्रैश हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन मौके पर पहुंचा। बचाव और राहत दल भी जैसलमेर से मौके पर पहुंचा। हादसे में मिग-21 के पायलट विंग कमांडर हर्षित सिन्हा शहीद हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा जैसलमेर के सुदासरी डेजर्ट नेशनल पार्क में हुआ है। यह एरिया मिलिट्री के कंट्रोल में है, इसलिए वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। 
सूत्रों के मुताबिक हादसा रात लगभग साढ़े आठ बजे हुआ है। विमान अपनी नियमित उड़ान पर था। हादसे का स्थान जैसलमेर शहर से करीब 70 किमी दूर है। सीमावर्ती जिले जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क की एक सुरक्षा चौकी के सी-क्लोज़र के पास सेना का यह फाइटर प्लेन क्रैश हुआ। भारतीय वायु सेना ने इस बारे में जानकारी दी। वायुसेना ने विंग कमांडर हर्षित सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।