जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
इन्वेस्ट राजस्थान समिट-2022  के लिए मुम्बई और अहमदाबाद में बुधवार को यानी कि आज रोड शो का आयोजन होगा। अहमदाबाद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा और मुम्बई में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत की अगुवाई वाला प्रतिनिधिमंडल निवेशकों से चर्चा करेगा। राज्य में निवेश करने के इच्छुक निवेशकों के साथ एमओयू और एलओआई किए जाएंगे। साथ ही राज्य में 24 एवं 25 जनवरी, 2022 को आयोजित होने वाले इन्वेस्ट राजस्थान समिट के लिए भी निवेशकों को आंमत्रित किया जाएगा। मुम्बई के होटल ताज महल पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल में अतिरिक्त मुख्य सचिव, खान एवं पैट्रोलियम डॉ. सुबोध अग्रवाल, प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री कुलदीप रांका, उद्योग एवं वाणिज्य सचिव और एमडी रीको आशुतोष ए. टी. पेडणेकर, राजस्थान फाउंडेशन, आयुक्त धीरज श्रीवास्तव शामिल हैं। 
 सीआईआई के नेशनल काउंसिल मेंबर नंदकुमार भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।अहमदाबाद के होटल कोर्टयार्ड मैरियट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा करेंगे। इसमे प्रमुख शासन सचिव, पर्यटन श्रीमती गायत्री राठौड़, उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त श्रीमती अर्चना सिंह शामिल हैं। सीआईआई के गुजरात स्टेट काउंसिल चौयरमेन विनोद अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से किए जा रहे इन रोड शो में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही, सीआईआई के पदाधिकारी एवं उद्योग जगत से जुड़े व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि जनवरी में होने वाले निवेश सम्मेलन की श्रृंखला में देश- विदेश में कार्यक्रम आयोजित कर निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इस कड़ी में दुबई में आयोजित राजस्थान सप्ताह के दौरान करीब 45 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। साथ ही दिल्ली में आयोजित रोड शो में करीब 79 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए गये हैं।

औद्योगिक विकास में राजस्थान के बढ़ते कदम।
राज्य सरकार की उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण औद्योगिक निवेश के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है। औद्योगिक विकास में राजस्थान के कदम लगातार बढ़ रहें हैं। प्रदेश की प्रमुख औद्योगिक विकास एजेंसी, रीको द्वारा प्रदेश भर में 360 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा चुके हैं । इसमेें 49 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर फैले इन क्षेत्रों में 40 हजार से अधिक उद्योग संचालित हो रहे हैं। साथ , 3 सेज और 9 इनलैंड कंटेनर डिपो, 7 एयरपोर्ट, कार्गाे काम्प्लेक्स और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब  भी राजस्थान के औद्योगिक विकास में योगदान दे रहे हैं । भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए 4 मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और 150 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र और उद्योग पार्क रीको द्वारा विकसित किये जा रहे हैं । आधारभूत सुविधाओं और वृहद परियोजनाओं से भी राजस्थान का महत्व बढ़ रहा है, प्रदेश का लगभग 58 प्रतिशत भू भाग डीएमआईसी प्रभाव क्षेत्र में आता है, गैस ग्रिड विस्तार और डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से भी यहां उद्योग के लिए नई संभावनाएं सृजित हो रही हैं।