उदयपुर भगवान प्रजापत।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने गुरुवार दोपहर राजसमंद के बिलोता में मोहनलाल सुखाडिय़ा यूनिवर्सिटी के श्रीनाथजी पीठ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भूमि पूजन व शिलान्यास कर मेवाड़ को बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, उच्च शिक्षा मंत्री राजेंद्र सिंह यादव और सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल मिश्र टाइगर हिल स्थित प्रताप गौरव केंद्र गए। यहां उन्होंने महाराणा प्रताप के गौरव का बखान किया। शाम 4 बजे के करीब मिश्र सर्किट हाउस पहुंचे और यहीं रात्रि विश्राम के लिए ठहरे। वे शुक्रवार सुबह 11:30 बजे सुविवि जाकर यूनिवर्सिटी के नए प्रवेश द्वार संविधान स्तंभ और नई बिल्डिंग का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले राज्यपाल दो दिवसीय प्रवास पर गुरुवार को उदयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट, आईजी हिंगलाज दान, कलेक्टर चेतन देवड़ा,  पुलिस अधीक्षक मनोज चौधरी ने अगवानी की। इस मौके पर सुविवि के कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एनएस राठौड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राज्यपाल ने एयरपोर्ट पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। किरण सोनी गुप्ता ने कोविड काल में बनाई गई परंपरागत फड़ पेंटिंग की प्रदर्शनी का अवलोकन कराया।