जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कैबिनेट के पुनर्गठन होने के बाद से कांग्रेस के भीतर लगातार बगावत के सुर फूटना जारी है। अब राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ विधायक जौहरी लाल मीणा ने कहा है कि आने वाले दिनों में इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ सकता है। जौहरी लाल मीणा ने मंत्रिमंडल विस्तार में विधायकों के प्रमोशन पर असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले के लिए रविवार का दिन काला दिवस रहा है। जिले में भ्रष्टाचार से हालात खराब हैं। लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।अलवर की जनता परेशान है। विधायक जौहरी लाल ने कहा कि यही हालात रहे तो आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अलवर जिले में एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। वो किसी नेता के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन जिले के जो हालात हैं वो खतरनाक हैं। अलवर जिले की जनता परेशान है। उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों के काम नहीं हो रहे है।

तिजारा विधायक ने भी कंसा तंज।
जौहरी के अलावा तिजारा विधायक संदीप यादव ने भी अपने फेसबुक पर तंज से भरा पोस्ट डाला है। उन्होंने लिखा है कि मंत्रिमंडल में हुए विस्तार से अलवर के कांग्रेसी नेता व विधायक खुश नजर नहीं आ रहे हैं।

तिजोरी की रखवाली चोर को नहीं सौंपने चाहिए।
राजस्थान मे गहलोत मंत्रिमंडल पुनर्गठन के साथ ही विवाद भी शुरू हो गए हैं। जहा कही विधायकों को मंत्रीमंडल मे शामिल नही करने से उनका गुस्सा फूटकर जनता के बीच आने लगा है। वही विधायक जौहरी लाल मीणा ने मंत्री टीकाराम जूली पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि तिजोरी की रखवाली चोर को नहीं सौंपने चाहिए। हम सभी अलवर के विधायक टीकाराम जूली के कैबिनेट मंत्री बनाए जाने से नाराज हैं, इन्होंने भ्रष्टाचार फैला रखा है। टीकाराम जूली की प्रतिक्रिया 

मंत्री टीकाराम बोले आरोप बेबुनियाद।
इन आरोपों का जवाब देने टीकाराम जूली भी सामने आए टीकाराम जूली ने कहा कि जौहरी लाल मीणा हमारे सीनियर हैं वे अपने आरोपों को साबित कर दें। टीकाराम ने कहा कि जौहरी लाल की नाराजगी हो सकती है, नाराजगी अलग बात होती है। लेकिन आरोप लगाना अलग बात होती है। आरोप तब लगाने चाहिए जब आपके पास सबूत हों और जेब में पूरा मसाला हो। उन्होंने कहा कि टीकाराम ने अपनी जिंदगी के अंदर जिस ईमानदारी से काम किया है, मुझे किसी को कोई प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं है।
आपको बता दें, कि राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ विधायक जौहरी लाल मीणा ने तल्ख अंदाज में कहा है कि वो किसी नेता के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन जिस तरह से मंत्रियों को प्रमोट किया गया है उस पर उन्हें आपत्ति है। वहीं तिजारा विधायक ने भी फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। इधर भाजपा ने भी विधायकों की नाराजगी को मुद्दा बनाते हुए राजस्थान मे गहलोत सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।