झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले में लगातार लीज खनन धारकों के द्वारा अवैध खनन का खुला खेल जारी है। कनवाडा इलाके मे खनन लीज धारकों के द्वारा लगातार नियमों को ठेंगा दिखाकर तय सीमा से कहीं अधिक क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है। जिसमे चरागाह की भूमि और तलाईयों को भी मलबे से पाट दिया है तो वहीं खनन लीज धारकों के द्वारा लगातार डीप होल ब्लास्टिंग भी की जा रही है।
 जिसके चलते गांव के मकानो मे भी दरारें आ गई है। गौरतलब है कि सांसद दुष्यंत सिंह भी कई बार जिला अधिकारियों की बैठक में इस मुद्दे को उठा चुके हैं। लेकिन आला प्रशासनिक व खनन अधिकारी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।इसी मामले को लेकर कनवाड़ा गांव के ग्रामीणों ने रोष जताते हुए अवैध खनन को रुकवा दिया साथ ही मौके पर ही पहुंच कर ब्लास्टिंग किए जा रहे विस्फोटकों को भी पकड़ा । मामले की सूचना मिलने के बाद भवानीमंडी डीएसपी गोपीचंद मीणा व सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की समझाइश की। बाद में सूचना मिलने पर खनन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर आए लेकिन बगैर किसी कार्यवाही के वापस लौट गए। सारे मामले में कनवाडा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि स्टोन खनन लीज धारकों ने अपनी तय सीमा से कहीं अधिक इलाके में अवैध खनन किया है तो साथ ही अवैध खनन से निकले मलबे से इलाके की चरागाह भूमि व तलाइयों को भी पाट दिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर कुछ माह पहले प्रशासन ने लीज खनन धारकों की इस खनन लीज को निरस्त करने के लिए खान निदेशालय को भी लिखा था। लेकिन ठोस कार्रवाई ना होने के चलते अवैध खनन माफिया ने फिर से खनन शुरू कर डीप होल ब्लास्टिंग शुरू कर दी। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने इस मामले को लेकर जमकर रोष जताया। वही मौके पर किए जा रहे विस्फोटकों को भी अधिकारियों को दिखा कर तुरंत इस पर रोक लगाने की मांग की।