श्रीगंगानगर राकेश मितवा।
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर पदमपुर रोड स्थित गुरूद्वारा धन धन बाबा दीप सिंह जी शहीद में श्री गुरू तेग बहादुर साहिब जी के 400 साला प्रकाश पूरब को समर्पित तीन दिवसीय महान कथा कीर्तन दरबार का आयोजन 28 नवंबर को शुरू होगा। जो 30 नवंबर तक चलेगा।  तीनों दिन रोजाना शाम सात से 10 बजे तक कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। जिसमें श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिले के अलावा पड़ौसी राज्य पंजाब से भी बड़ी संख्या में संगत भाग लेगी। कीर्तन दरबार में विशेष तौर पर प्रख्यात कथावाचक भाई पिन्द्रपाल सिंह भी कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करने के लिए पहुंचेंगे। गुरूद्वारा के मुख्य सेवादार तेजेन्द्रपाल सिंह टिम्मा ने बताया कि तीनों दिन गुरू का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को श्री दरबार साहिब से हजूरी रागी भाई बलविन्द्र सिंह लोपोके और 29 नवंबर को श्री दरबार साहिब से हजूरी रागी भाई सुरेन्द्र सिंह कथा कीर्तन करेंगे। कीर्तन दरबार के अंतिम दिन 30 नवंबर को प्रख्यात कथवाचक भाई पिन्द्रपाल सिंह कथा कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। भाई पिंदर पाल सिंह  का साधुवाली के निकट पंजाब बॉर्डर पर सिख संगत द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। टिम्मा ने बताया कि कीर्तन दरबार गुरूद्वारा के ऊपरी हिस्से पर बनाए गए सभी सुविधाओं से सुसज्जित विशाल हॉल में आयोजित किया जाएग। फैडरेशन द्वारा कथावाचक भाई पिन्द्रपाल सिंह का सम्मान भी जिले की सभी जत्थेबंदियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कीर्तन दरबार के दौरान बड़ी संख्या में संगत शिरकत करेगी। जिसको देखते हुए सेवादारों की अलग-अलग ड्यूटियां भी लगाई गई हैं।

सिखों की शौर्य गाथा का बखान करने वाली लगाए जाएगी प्रदर्शनी।
कीर्तन दरबार के दौरान विशेष तौर पर अमृतसर साहिब से एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। तीनों दिन यह प्रदर्शनी लगेगी, जो आकर्षण का केन्द्र भी रहेगी।