भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर जिले के गांव बरौदा में गुरुवार देर रात खेत की सिंचाई करने गए एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार अलसुबह परिजनों को व्यक्ति का शव खेत के रास्ते में पड़ा हुआ मिला।जानकारी के मुताबिक रुदावल क्षेत्र के गांव बरौदा निवासी 50 वर्षीय मलखान गुर्जर गुरुवार रात को खेत की सिंचाई करने गया था। शुक्रवार अलसुबह परिजन जब खेत पर पहुंचे तो मलखान का शव लहूलुहान स्थिति में खेत के रास्ते में पड़ा हुआ मिला। साथ ही हाथ पैर भी बंधे हुए थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बयाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।