कोटा हंसपाल यादव।
राजस्थान सरकार के पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने हाल ही में सम्पन्न हुए धरियावद व वल्लभनगर चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हाईकमान अब भी बिना किसी देरी के लोकप्रिय जननायिका पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राजस्थान की कमान सम्भला दे नहीं तो जिस प्रकार इन उपचुनावों में पार्टी टक्कर में भी नहीं आ पाई उसी तरह आगामी चुनावों में भी पार्टी की ऐसी दुर्गति होगी कि आने वाले समय में भी वह पिछड़ती चली जायेगी। जो संगठन और कार्यकर्ता दोनों के लिए घातक होगा। राजावत ने कहा कि अब तक नगर पालिका, नगर निगम, पंचायत समिति, जिला परिषद एवं विधानसभा उपचुनाव सहित जितने भी चुनाव हुए उनमें जहां हमारा अभेद्य दुर्ग हुआ करता था। जहां चारों ओर भाजपा की विजय पताका फहरती थी। वहां पर भी पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा, क्या कारण रहे कि जनता का पार्टी से मोहभंग हो गया है। यह वसुंधरा राजे का चमत्कारिक नेतृत्व ही था जिससे हम हर चुनाव में जीते। विधानसभा चुनावों में एक बार 200 में से 120 और दूसरी बार 200 में से 163 सीटें जीतने का रिकाॅर्ड हमने कायम किया और लगभग हर चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होता रहा और इस इतिहास को दोहराने के लिए प्रदेश की बागडोर वसुंधरा राजे को सौंपना अब जरूरी हो गया है।

0 टिप्पणियाँ