जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने सोमवार को मीडिया से मुताबिक होते हुए मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की प्रशंसा की है। दोनों नेताओं का कहना है कि मलिक का जमीर जिंदा है। इसीलिए किसानों के हित में बोल रहे हैं। आपको बता दें, कि मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं निकालने पर रविवार को जयपुर मे आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा-आज तक इतना बड़ा आंदोलन नहीं हुआ। किसान आंदोलन में अब तक 600 लोग शहीद हो चुके हैं। एक श्वान मरता है तो दिल्ली के नेताओं का शोक संदेश आता है। हमारे 600 किसान शहीद हो गए, उन पर कोई नेता नहीं बोला। इस पर मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने कहा कि मलिक लगातार किसान आन्दोलन के पक्ष में बोल रहे हैं। मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने कहा कि जिन लोगों का जमीर जिन्दा है, वो लगातार किसान आंदोलन के पक्ष में बयान दे रहे हैं। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी अपना पद दांव पर लगाकर बयान दिया। वहीं मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार के बनाए गवर्नर ही भाजपा सरकार के खिलाफ बयान दे रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि देश में सच की आवाज अभी जिन्दा है। प्रताप सिंह ने कहा कि देश में लोकतंत्र है। उस लोकतंत्र में किसानों की आवाज उठाने के लिए खुद राज्यपाल ने किसानों की मांग उठाई है। ऐसे में केंद्र सरकार को किसानों की मांग जल्द पूरी करनी चाहिए। किसानों की मदद के लिए केंद्र सरकार को आगे आना चाहिए।