उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर में नशे में तीन युवकों ने एक किशोर की हत्या कर दी। आरोपी 16 साल के किशोर के पिता के लोडिंग वाहन में बैठकर शराब पी रहे थे। किशोर ने उनसे गाड़ी में शराब पीने से मना किया था। किशोर की बात से गुस्साए तीनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय किशोर ने दम तोड़ दिया। वहीं हमले के बाद तीनों युवक फरार हो गए। कोल्यारी निवासी हिमांशु पुत्र जमनालाल शर्मा कोल्यारी बाइपास पर अपने पिता की लोडिंग गाड़ी देखने गया। इसी दौरान सूनी पड़ी गाड़ी में अज्ञात युवकों को शराब पीते देख हिमांशु ने टोका तो नशे में तीनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं चाकू से वार के बाद आरोपियों ने उस पर पत्थर से भी हमला किया और मौके से फरार हो गए। परिजन उसे झाड़ोल अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हिमांशु कोल्यारी के सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। हिमांशु के पिता जमनालाल ने बताया कि गाड़ी को देखने गए हिमांशु पर बहस के दौरान बदमाशों ने चाकू से पेट और छाती पर वार कर दिए। चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर कई लोग जमा हो गए और फोन कर हमें सूचना दी। हिमांशु को गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर गए, मगर तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को झाडोल मोर्चरी में रखवाया है। फलासिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। फलासिया थानाधिकारी रामनारायण ने बताया कि बदमाशों के बारे में पता लगाया जा रहा है। नशे में युवकों ने आवेश में आकर हत्या की है। 

नेशनल हाईवे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन।

इधर वारदात के 16 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन कर विरोध जताया। नेशनल हाईवे 58 ई पर ग्रामीणों ने जमा होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते टायर जलाए। डीएसपी गिरधर सिंह सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने और कोल्यारी में पुलिस चौकी को खोलने की मांग रखी। वहीं पुलिस की दो टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वैसे तो कस्बे के ज्यादातर दुकानें त्यौहार की वजह से बंद थी, लेकिन इस वारदात के विरोध में सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।