उदयपुर भगवान प्रजापत।
मेवाड़ मे मावठ की बारिश के साथ कोहरा और धुंध का खासा असर दूसरे दिन भी देखने को मिला। शुक्रवार अलसुबह से ही बारिश का दौर लगातार जारी रहा। तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों मे पानी भर गया तो कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गये। सर्दी के मौसम में इस मावठ से ठिठुरन इतनी बढ़ गयी कि लोग दूसरे दिन भी घरों में ही दुबके रहे। लोगों ने सर्दी से बचने के लिए गर्म पेय पदार्थ का उपयोग किया। बदले मौसम के बाद लोगो ने आवश्यक कार्य के लिए ही घरों से बाहर निकला ठीक समझा। पूरे दिन बादल छाए रहने से दिन में भी अंधेरे जैसी स्थिति बनी रही ओर दोपहर में भी वाहन चालकों को वाहनों की लाइट जलानी पड़ी।
कोहरे की वजह से फ्लाइट्स में हुई देरी।
कोहरे का असर महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर देखा गया। एयरपोर्ट पर फ्लाइट समय पर लैंड नही हो सकी। शुक्रवार को दोपहर तक एक भी फ्लाइट लैंड नही हो पाई। एयरपोर्ट डायरेक्टर नंदिनी भट्ट ने बताया कि डबोक एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट को भी अहमदाबाद डाइवर्ट किया गया। जयपुर, दिल्ली, मुंबई के लिए एक-एक फ्लाइट कैंसिल हुई हैं। उदयपुर में शुक्रवार को मौसम खराब होने से फ्लाइटों के समय देरी या कैंसिल हो सकती हैं। ऐसे में एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्री एयरलाइंस के संपर्क में रहे।
झीलों में हुई पानी की आवक।
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से शहर की झीलों में पानी की आवक शुरू हो गयी। फतहसागर, पिछोला सहित अन्य झीलो में पानी की आवक के साथ ही उदयसागर झील में पानी की आवक होने से के एक-एक फीट गेट खोल दिये गये। उदयसागर झील ने निकलने वाला पानी वल्लभनगर के बांध तक पहुंचेगा।
चांदपोल के समीप दीवार ढही।
उदयपुर शहर के बीचो-बीच चांदपोल के समीप शुक्रवार को तेज बारिश के बाद दीवार ढह गयी। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद यह हादसा हुआ। हालांकि स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यो को लेकर दीवार की मरम्मत और रंगरोगन किया गया था। इसके बाद दीवार बारिश के पानी से ढह गयी।

0 टिप्पणियाँ