जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे मंत्रिमंडल के नाम फाइनल होने के बाद रविवार को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान पायलट ने कहा कि राजस्थान में हमारा मुख्य मुकाबला भाजपा से रहता है। जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, इसका नतीजा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन काले कानून को वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी में कोई गुट नहीं है। एआईसीसी ने सभी नेताओं से राय लेकर यह निर्णय किया है। हर वर्ग को साथ लेकर कांग्रेस पार्टी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने महिलाओं को लेकर यूपी में जो घोषणा की, वह सबसे बड़ी घोषणा है। पायलट ने कहा कि मैंने हमेशा मुद्दों की बात की है। हमने कभी व्यक्ति विशेष की बात नहीं की। मुझे खुशी है कि सोनिया गांधी ने जो हमारी समस्याओं को लेकर जो कमेटी बनाई थी, उसका सकारात्मक परिणाम शनिवार रात को आया है और आगे भी अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। पांच साल बाद सरकार रिपीट नहीं होती है इसको लेकर पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ काम करेगी और 2023 में कांग्रेस फिर से सरकार बनाएगी। पायलट ने कहा कि मैं कांग्रेस प्रेसिडेंट से मिला और अनेक मुद्दों पर बातचीत की। जो भी कांग्रेस पार्टी ने मुझे जिम्मेदारी दी है मैंने पूरी ताकत से निभाया है। जो पार्टी मुझे आने वाले समय में निर्देश देगी मुझे जहां भी काम देगी वह करेंगे। राजस्थान में 2023 में सरकार हम वापस बनाएंगे। सचिन पायलट ने कहा कि हमने एक सिद्धांत के तहत अपनी समस्याओं को उठाया था, जिसका सकारात्मक परिणाम आया है। इस बार की जो कैबिनेट है उसमें सभी वर्गों की भागीदारी होगी। गृह विभाग को लेकर उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपना काम कर रहा है और जहां कमजोरी है उसको सरकार ठीक करेगी। महिलाओं के खिलाफ शोषण को लेकर उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को रोकने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कि टिकट बंटवारे में महिलाओं को अधिक से अधिक टिकट मिले और उनका प्रतिनिधित्व अधिक हो। राजस्थान में नेतृत्व में रहने के मामले में सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, आलाकमान, राहुल गांधी, और प्रियंका गांधी के जो भी निर्देश होंगे वहां पर काम किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ