जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में जिस मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार लंबे समय से चल रहा था, वह इंतजार समाप्त हो गया है। अब प्रदेश को सभी 30 मंत्री मिल चुके हैं। अब सरकार में परिवर्तन होने के बाद संगठन की बारी है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपनी टीम के विस्तार, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष बनाने की कवायद में जुट गए हैं। इसके लिए मंगलवार को पीसीसी डोटासरा ने दिल्ली मे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और राजस्थान की स्थिति से अवगत करवाया। जानकारी के मुताबिक डोटासरा की सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद प्रदेश प्रभारी अजय माकन, संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से भी मिलने का कार्यक्रम है। डोटासरा के दिल्ली दौरे का मकसद महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की दिल्ली में होने वाली रैली को सफल बनाने में राजस्थान की भूमिका के साथ ही राजस्थान में संगठन के विस्तार को अमलीजामा पहनाना है।