पाली ब्यूरो रिपोर्ट।
पाली जिले के बिठोड़ा कलां गांव में 12वीं के छात्र ने एक 11वीं की छात्रा का धारदार हथियार से गला काट दिया। ताबड़तोड़ वार में छात्रा बुरी तरह से जख्मी हो गई। नस कटने से छात्रा की स्कूल ड्रेस खून से लाल हो गई। गंभीर हालत में घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद मारवाड़ जंक्शन से पाली रेफर किया गया। घटना के बाद से आरोपी छात्र फरार है। मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस के मुताबिक यह मामला बिठोला कलां गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। मंगलवार को छात्रा यशोदा मीणा लंच कर रही थी। इस दौरान 12वीं में पढ़ने वाला छात्र सोहनलाल मीणा वहां आया। उसने अचानक धारदार हथियार से गला काट दिया। छात्रा के गले से खून बहने लगा तो उसे छोड़कर वहां से भाग गया।जानकारी मिलने पर स्कूल टीचर ग्रामीणों की मदद से उसे मारवाड़ जंक्शन अस्पताल लेकर गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को पाली रेफर किया गया। चिकित्सको के मुताबिक छात्रा की हालत गंभीर है। संभवतः ब्लेड जैसे धारदार हथियार से गला काटा गया है। इस पुरी घटना मे खास बात यह रही की छात्रा को जख्मी करने के बाद आरोपी युवक मारवाड़ जंक्शन अस्पताल पहुंचा, जहां उसने लोगों से पूछा कि जशोदा जिंदा है या मर गई। छात्र के अस्पताल आने का परिजनों को पता चला तो उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन मौका पाकर वह भाग निकला। पूरे घटनाक्रम पर मारवाड़ जंक्शन पुलिस ने बताया कि छात्रा अभी कुछ भी बताने जैसी स्थिति में नहीं हैं। छात्र के पकड़े जाने के बाद ही सच सामने आएगा कि उसने ऐसा क्यों किया।वहीं घटना के समय मौजूद रहे अन्य छात्रों और स्कूल स्टाफ से बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है।