उदयपुर से भगवान प्रजापत।
राज्यपाल कलराज मिश्र शुक्रवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर उन्होने विश्वविद्यालय में बने मेन गेट और संविधान पार्क का लोकापर्ण किया। वहीं परिसर में बने नए भवनों का उद्घाटन किया। इससे पहले मिश्र का पारम्परिक तरीके से स्वागत किया गया। कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह ने बताया कि राज्यपाल और कुलाधिपति कलराज मिश्र की स्वीकृति के बाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल कलराज मिश्र ने सबसे पहले विश्वविद्यालय के मेन गेट का लोकापर्ण किया। इस मौके पर उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना सहित कई लोग मौजूद रहे। 
इसके बाद राज्यपाल ने शिक्षा संकाय में डॉ. राधाकृष्णन तथा विधि संकाय में डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम से नवनिर्मित भवनों का लोकापर्ण किया। यहां से राज्यपाल विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। जहां पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ समारोह प्रारम्भ किया गया। समारोह के प्रारम्भ में विश्वविद्यालय की स्वागत परम्परानुसार उनका स्वागत किया गया। यहां पर कलराज मिश्र ने विश्वविद्यालय की साठ वर्षीय विकास यात्रा के इतिहास ग्रंथ का विमोचन किया। राज्य विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद जयपुर के लिए विमान से रवाना हो गये।