चितौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में बुधवार रात को बारातियों से भरी मिनी ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 बाराती घायल हो गए। इनमें से 4 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय रैफर किया गया है। हादसे की सूचना पर भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। जानकारी के मुताबिक जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में निम्बाहेड़ा के लसडावन से मंगलवाड़ क्षेत्र में बारातियों को लेकर जा रहा मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें लगभग 20 लोग घायल हो गए। भदेसर थानाधिकारी सज्जनसिंह ने बताया कि मंगलवाड़ के पालखेड़ी गांव से निंबाहेड़ा लसड़ावन क्षेत्र में बारात आई थी। दो दिन पहले ही शादी हुई। लेकिन उसके बाद में बारात 2 दिन तक वहीं रुकी रही। बुधवार शाम को खाना खाने के बाद 20 लोगों से भरा मिनी ट्रक पुनः मंगलवाड़ के लिए निकला। इस दौरान भदेसर थाना क्षेत्र के नेडिया गांव के पास ड्राइवर को सड़क पर स्पीड ब्रेकर नजर नहीं आया। स्पीड ब्रेकर पर उछलने के बाद मिनी ट्रक नियंत्रित होकर पलट गया। घटना में 20 लोग घायल हो गए। वहीं चार जने गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर कई लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर भदेसर डिप्टी अदिति चौधरी, थानाधिकारी सज्जन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को 108 की मदद से भदेसर अस्पताल पहुंचाया। यहां से गंभीर घायलो को चित्तौड़गढ़ जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।