जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के सड़क की तुलना अभिनेत्री कैटरीना कैफ के गालों से करने के विवादित बयान पर अब सियासत भी गरमा गई है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता सुमन शर्मा ने मंत्री के इस बयान को बेहद शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस नेताओं को महिला विरोधी करार दिया। शर्मा ने बताया कि इस बयान के लिए मंत्री और मुख्यमंत्री दोनों को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। सुमन शर्मा ने एक बयान जारी कर यह मांग की। शर्मा ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि सरकार के मंत्री अपने क्षेत्र में जनता के बीच सड़क की तुलना अभिनेत्री की गाल से करते हैं, जो पूरी महिला जाति का अपमान है। कांग्रेस नेताओं की महिला विरोधी मानसिकता का परिचय भी है। शर्मा ने कहा कि मंत्री के इस बयान का राजस्थान की संपूर्ण महिलाएं प्रतिकार करेंगी। आपको बता दे, कि राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपने क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कों को लेकर उठी शिकायत की चर्चा पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर से करते हुए यह कह दिया कि मेरे गांव में कैटरीना कैफ के गालों जैसी सड़कें बननी चाहिए। गुढ़ा ने इससे पहले यह भी कहा था कि सड़कें हेमा मालिनी के गालों जैसी बनना चाहिए और फिर खुद ही बोले कि हेमामालिनी अब बुढ़ी हो गई हैं। फिर गुढ़ा ने वहां मौजूद लोगों से मौजूदा दौर की अभिनेत्री का नाम पूछा और कहा कि मेरे क्षेत्र में कैटरीना कैफ के गालों जैसी सड़क बननी चाहिए।

0 टिप्पणियाँ